चोपन थाना क्षेत्र के बसकटवा मोड़ के समीप सोन पुल के पास रविवार को ट्रक की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना से नाराज स्थानीय निवासियों ने प्रदीप (15) का शव सडक पर रख कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे ओबरा सीओ प्रवीण यादव ने मृतक के आश्रितों को मुआवजे का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। करीब डेढ़ घंटे जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे पुल के समीप राबर्ट्सगंज की तरफ से डाला की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे चोपन थाने के मीतापुर गांव करे छोटे केवट के पुत्र प्रदीप (15) को रौंद दिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया तो स्थानीय लोगों ने मना कर दिया और जाम लगा दिया। कुछ ही देर बाद मृतक के घरवाले भी भी पहुंच गए, जिससे माहौल गरमा गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
दोपहर करीब पौने एक बजे जाम स्थल पर ओबरा सीओ प्रवीण यादव ने पहुंच कर जाम करने वालों को समझा, बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन लोग तैयार नहीं थे। सीओ ने कहा कि मृतक के आश्रितों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने का प्रयास और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वे जाम समाप्त करने को तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आवागमन बहाल कराने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।