राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मरकरी गांव के पास रविवार की रात एक स्कार्पियो नहर में गिर गई। इससे इसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सुरक्षा दीवार तोड़ दिए जाने के चलते यह हादसा हुआ।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। रात करीब 11 बजे राबर्ट्सगंज से रामगढ़ की ओर जा रही एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर घाघर मुख्य नहर में जा गिरी।
हादसा निर्माणाधीन पुल का डायवर्जन ठीक न होने, यहां मौजूद सुरक्षा दीवार को तोड़ दिए जाने के चलते वाहन चालक को सही स्थिति समझ में नहीं आ सकी, इसी के चलते हादसा हुआ।
इसके चलते स्कार्पियो सवार राबर्ट्सगंज निवासी शशि (21), गोविंद केसरी (18), बृजेश (25), लक्ष्मी (50) और भदोही के घोसिया निवासी युवक घायल हो गए।
नहर में बह रहे पानी से घायलों ने खुद बाहर निकल कर आसपास के लोगोें से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद दो को वाराणसी रेफर कर दिया गया। करीब 10 वर्ष पूर्व यहां का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इस पर उसकी जगह बगल में अस्थायी पुल बना दिया गया लेकिन पूर्व का पुल जो सड़क की सीध में था, पर कोई सुरक्षा दीवार न होने से आए दिन हादसे होने शुरू हो गए।
चार वर्ष पूर्व दो वाहनों के नहर में गिरने और चार की मौत के बाद चेते पीडब्ल्यूडी महकमे ने यहां सुरक्षा दीवार बनवा दी। वर्ष भर पूर्व यहां पुल का निर्माण भी शुरू हुआ लेकिन पुल का कार्य पूर्ण होने से पहले ही यहां की सुरक्षा दीवार तोड़ दी गई।
इसमें जहां एक सप्ताह पूर्व बाइक पुल में गिरने से एक की मौत हो गई। वहीं रविवार की रात भी नहर में स्कार्पियो गिरने की घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया।