कस्बे में स्थित जल निगम के पानी टंकी के समीप पहाड़ी पर सोमवार की रात चाकू से गोदकर रामगढ़ निवासी नागेंद्र (25) हत्या कर दी गई। गर्दन और पेट में चाकू के कई गहरे निशान मिले हैं। शक के आधार पर पुलिस ने एक युवती को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपने पति के साथ मिलकर युवक की हत्या की बात स्वीकारी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे कोन थाना क्षेत्र के कोन कस्बे से कुछ दूरी पर स्थित पहाड़ी पर कुछ लोगों ने एक युवक का शव देखा। शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी ने मौत के बाद भी युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। गर्दन रेतने के अलावा पेट में पांच-छह गहरे निशान मिले हैं। पुलिस की माने तो शव की हालत देखने से ऐसा लग रहा है कि हत्यारे परिचित हैं।
प्लानिंग के तहत युवक को वहां बुलाकर उसकी हत्या की गई। पैंट में रखे पर्स की तलाशी लेने पर उसकी पहचान कोन थानाक्षेत्र के रामगढ़ निवासी नागेंद्र पुत्र राजकुमार के रूप में हुई। थाना कोन का आधार कार्ड और राजस्थान के एक कंपनी में कार्य करने का आईडीकार्ड मिला। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के घरवालों को दी। घरवालों का आरोप था कि साजिश के तहत नागेंद्र की हत्या की गई हैै। थानाध्यक्ष गजानंद यादव ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया पता चला है कि आश्नाई के चक्कर में युवक की हत्या की गई हैै। गिरफ्तार विवाहिता ने अपने पति के साथ मिलकर हत्या की स्वीकार की है।