सुकृत खनन क्षेत्र में सर्वेयर के साथ क्रशर की जांच पड़ताल करने पहुंचे खान अधिकारी के एक आदमी की लोगों ने बुधवार दोपहर बाद पिटाई कर दी। लोगों का कहना है कि वह आदमी क्रशर सीज कराने की धमकी दे रहा था। बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे खान अधिकारी आरपी सिंह के एक आदमी ने सुकृत में गिट्टी लदे एक ट्रक को पकड़ा और इसकी सूचना खान अधिकारी को दी। खान अधिकारी ने दो सर्वेयर वेदप्रकाश शुक्ला और संतोष पाल को मौके पर भेजा। स्थानीय लोगों के अनुसार, खान अधिकारी का आदमी गिट्टी राजकुमार यादव के क्रशर से उठाने की बात कहलवाने के लिए ट्रक चालक पर दबाव बनाने लगा। तब तक सर्वेयर वेद प्रकाश शुक्ला, संतोष पाल बोलेरो से क्रशर पर पहुंच गए।
खान अधिकारी का आदमी वहां के मैनेजर को प्लांट सीज कराने की धमकी देने लगा। नाराज लोगों ने उस आदमी को पीट दिया। इस दौरान सर्वेयर कुछ लिखने लगे तो लोगों ने कागज छीनकर फेंक दिया। तब तक क्रशर मालिक राजकुमार यादव भी पहुंच गए। उन्होंने पिट रहे व्यक्ति को बचाया। सृकृत पुलिस का कहना है कि ट्रक दूसरी जगह से गिट्टी लादकर ला रहा था। मगर आरोपी व्यक्ति जबरन ट्रक चालक को राजकुमार यादव के क्रशर प्लांट पर लेकर चला गया। इसी कारण लोग भड़क उठे। उन्होंने मारपीट की घटना से इनकार किया है। क्रशर संचालक राजकुमार यादव ने कहा क्रशर की जांच खान विभाग या प्रशासन को करनी चाहिए।