होली पर्व पर पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर नृत्य करने व पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। मारपीट में 13 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। सरकारी अस्पतालों में सभी घायलों का उपचार हुआ। पीड़ितों की तहरीर पर नौ लोगों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
बुधवार की दोपहर सहिजन कला गांव में नृत्य करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से रामनरेश और मां कलिया (80) को घायल कर दिया। खटौली गांव में मारपीट में प्रथम पक्ष से घायल दुर्गा शंकर मिश्र की तहरीर पर उन्हीं के गांव के सुजीत, धरम, राजेश और भोला के विरूद्ध केस दर्ज हुआ है। वहीं दूसरे पक्ष के घायल सुजीज सिंह की प्रार्थना पत्र पर संजय, विनय, रविश और नितिश के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
राबर्ट्सगंज के अशोक नगर एक व्यक्ति ने आनंद चौबे को घायल कर दिया। बिचपई में मनबढ़ों ने भुवनेश्वर को जख्मी कर दिया। बगही में मारपीट में एक घायल हो गया। घोरावल में दो पक्षों में हुई मारपीट में गौरव धर द्विवेदी, वैभव धर और रमेश धर को मारपीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष से लक्षन, राकेश, कलावती जख्मी हो गई।