सोनभद्र। बीज व्यवसायी राजेश मौर्य के मौत की गुत्थी आखिरकार राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को सुलझा ली। मोबाइल से दूसरे से बात करने को लेकर हुए विवाद में छीनाझपटी के दौरान राजेश के सिर में चोट लग गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके लिए पत्नी अर्चना को आरोपी मानते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अदालत ने उसे जिला कारागार मिर्जापुर भेज दिया।
बताते चले कि 19 अगस्त की रात राबर्ट्सगंज नगर निवासी कमला सिंह के इकलौते बेटे राजेश की उसके मकान में ही मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना कर रही है। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला है कि राजेश की पत्नी अर्चना मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति से ज्यादा देर तक बात करती थी। उसी को लेकर अक्सर पति और पत्नी के बीच विवाद होता था। घटना के दिन भी मोबाइन से बात करने को लेकर दंपती में विवाद हुआ था। छीनाझपटी के दौरान अर्चना पति को धक्का दे दी थी जिससे राजेश के सिर में बेड के सिरहाने से चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। कहा कि खुद को बचने के लिए अर्चना पंखे में चादर बांध कर पति के गले में भी बांध कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास की थी। लेकिन विवेचना के दौरान सच्चाई का पता चल गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह 11 बजे राबर्ट्सगंज नगर में स्थित दिल्ली बीज भंडार से विवेचक कोतवाल ने अर्चना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला का पति की हत्या करने के आरोप में चालान कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी भी विवेचना जारी है। नामजद आरोपियों के संबंध में मौत से संबंधित साक्ष्य मिलेगा तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।