सोनभद्र। चार दिन पूर्व राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा गांव से प्लेट लदे ट्रक के साथ लापता चालक राजेश को मिर्जापुर के लालगंज में बंधक बना कर रखा गया है। यह आरोप लगाते हुए मंगलवार को राजेश की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी गांव निवासी शिवानी ने तहरीर में लिखा है कि उसका पति राजेश ट्रक चालक है। 23 मार्च की रात करीब साढ़े 12 बजे एक युवक उसके घर आया और कहा कि उरमौरा में खड़े प्लेट लदे एक ट्रक को लालगंज पहुंचाना है। उन्होंने इस काम के लिए कुछ रुपये भी दिए। उसी रात को पति ट्रक लेकर लालगंज चले गए, लेकिन अभी तक वह घर नहीं आए। किसी तरह फोन पर बात हुई तो पता चला कि ट्रक ले जाने वाले लोग पति को वापस नहीं आने दे रहे हैं। पीड़िता ने बंधक बनाने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी दिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। इस संबंध मेें पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि चालक को बंधक बनाने वाले आरोपी की किसी व्यक्ति से रुपये की लेनदेन को लेकर विवाद है। पूर्व में दोनों पक्षों में पुलिस के समक्ष पंचायत भी हो चुकी है। ट्रक और चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।