रेणुकूट। स्थानीय वन प्रभाग क्षेत्र के पिपरी वन रेंज स्थित खाड़पाथर गांव में शनिवार को प्रभागीय वनाधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गई टीम ने वन भूमि से अतिक्रमण हटाया। शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली की खाड़पाथर में वन भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है। अतिक्रमणकर्ता लगातार वन भूमि पर अवैध कब्जा बढ़ाते जा रहे हैं। सूचना पर प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में गई टीम ने गांव से वन भूमि से अतिक्रमण हटवाया। मौके पर पता चला कि ब्रह्मदेव यादव नामक व्यक्ति वन भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ है। वन विभाग के कर्मियों ने मौके से खूंटा, बल्ली समेत अन्य सामान कब्जे में लेते हुए आरोपित व्यक्ति के खिलाफ वन अधिनियम की धारा में मुकदमा कायम कर लिया है। वन विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। इस दौरान प्रभारी वन रेंजर मकसूद हुसैन, विनीत सिंह समेत वनकर्मी मौजूद रहे।