डाला। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने चार जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर, पान की दुकान, टेंपो व ट्रैक्टर की बैट्री को अपना निशाना बनाया। एक व्यक्ति के घर की कच्ची दीवार में सेंधमारी कर हजारों रुपये का जेवर और नकदी चोरी कर लिया। चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पहली चोरी की घटना डाला चढ़ाई पर संजय यादव पुत्र स्व. चौथी यादव के घर हुई। जब संजय रविवार की सुबह उठा तो देखा कि घर में सेंधमारी हुई है। सेंधमारी कर चोर दो बड़े बक्से को घर से दो सौ मीटर दूर फेंक कर टीवी, सोने का मंगलसूत्र, सोने का बाला, पैजनियां, दो पायल सहित दस हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी डायल हंड्रेड और चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डाला पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। दूसरी चोरी की घटना डाला बाजार में सुरेश जायसवाल के पान दुकान की है, जहां चोरों ने पान की गुमटी का पिछला हिस्सा उखाड़ कर दो हजार नकदी व सिगरेट, गुटका, पान मसाला, एक चांदी का सिक्का चोरी कर लिया। तीसरी चोरी मलीन बस्ती निवासी लियाकत अली के घर हुई। उसके दरवाजे पर खड़े ऑटो से चोरों ने बैट्री चोरी करा लिया। उधर चोरों ने यहीं के निवासी अमीर चंद मेहता के दरवाजे पर खड़े दो ट्रैक्टरों की बैट्री चोरी कर लिया। सभी चोरियों की घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है।