अनपरा। अनपरा व्यापार मंडल अध्यक्ष के गोदाम से अज्ञात चोरों ने सोमवार की रात्रि दो आलमारी सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। जिससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
अनपरा व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास गोयल ने पुलिस को दिये शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि सोमवार की रात्रि सिनेमा रोड के पास स्थित उनके गोदाम का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोरों ने गोदाम में रखी दो आलमारियों सहित अन्य सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार की प्रात: उस समय हुई, जब वह गोदाम में किसी कार्यवश गए। देखा कि गोदाम का ताला टूटा पड़ा है तथा गोदाम में रखी दो आलमारी व अन्य सामान गायब हैं। मौके पर पहुंचे रेनूसागर चौकी प्रभारीने मौका मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। परिक्षेत्र में आये दिन हो रही चोरियों से व्यापारियों में जहां आक्रोश व्याप्त है। वहीं लोगों का कहना है कि पुलिस चोरी पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। विगत दिनों हुई चोरियों का खुलासा नहीं होने से चोरों के मनोबल काफी बढ़ चुके है। चेतावनी दी गई कि जल्द चोरी का खुलासा नहीं हुआ, तो व्यापारी सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए परिक्षेत्र में हो रही चोरियों पर अंकुश लगाए जाने की मांग की है।