सोनभद्र। जिले में बिना परमिट और ओवरलोड वाहनों से खनिज पदार्थों का परिवहन धड़ल्ले से हो रहा है। बुधवार की सुबह खनिज बैरियर के पास हुई जांच में बिना परमिट बालू और गिट्टी लदे नौ ट्रक पुलिस ने कब्जे में लिए। इन ट्रकों के चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया गया। वाहन पास कराने वाले गिरोह के सदस्य इन ट्रकों पर खनिज बैरियर से सेटिंग कर पार कराते हैं। आरोपियों के खिलाफ देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पूर्व ओवरलोड वाहनों के मामले को लेकर डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर डीके त्रिपाठी कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भी लिख चुके हैं। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह बुधवार की सुबह खुद लोढ़ी स्थित टोल गेट के पास खनिज बैरियर पर पहुंचे। डीएम के पहुंचते ही वहां मौजूद खनिज विभाग के अधिकारियों व कर्मियों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बालू व गिट्टी लदे ट्रकों की जांच पुलिस ने शुरू की तो चौकाने वाले तथ्य सामने आए। एक-एक कर पुलिस ने बिना परमिट नौ ट्रकों को पकड़ लिया और इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। डीएम के सख्त तेवर के चलते सभी ट्रकों को राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस खड़ा लिया और उनके चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया। हैरत की बात तो यह है कि बुधवार की शाम साढ़े सात बजे तक खनिज विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को किसी तरह की तहरीर नहीं दी थी। जिसकी वजह से बिना परमिट खनिज पदार्थ कश् परिवहन कर रहे आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार दीक्षित के मुताबिक तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हालांकि अभी तक संबंधित विभाग की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस बारे में जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह से बात करने के लिए सीयूजी नंबर पर फोन मिलाया गया मगर मोबाइल नहीं उठा।