चोपन। चुर्क स्थित एक विद्यालय से बच्चों को लेकर ओबरा जा रही स्कूली बस पर दो युवकों ने सोमवार की दोपहर पथराव कर दिया। इससे बस का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आर्यन केशरी (11) के सिर में चोट आ गई। घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक फरार हो गए। छात्र का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
चोपन थाना क्षेत्र के प्रीतनगर के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने एक स्कूली बस के आगे के शीशे पर पथराव कर दिया। इससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चुर्क में स्थित एक विद्यालय के कक्षा छह का छात्र आर्यन केशरी घायल हो गया। पत्थर का टुुकड़ा बस का शीशा फोड़ते हुए आर्यन के सिर पर जा लगा। इससे उसका सिर फट गया। यह देख अन्य छात्रों में हड़कंप मच गया। छात्र शोर मचाने लगे। बस के चालक ने संयम दिखाते हुए तत्काल एक पेट्रोल पंप के पास ही बस को साइड में खड़ा कर दिया। बाइक सवार युवकों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन दोनों फरार हो गए। वाकया देख मौके पर तमाम लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने घायल बच्चे को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर उसका उपचार कराया। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।