घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के नेवारी गांव में रविवार सुबह सरकारी राशन वितरित करने के दौरान मामूली बात को लेकर एक व्यक्ति ने महिला कोटेदार के पति पर शटरिंग के पटरे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कोटेदार के पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मालती देवी नेवारी गांव की कोटेदार हैं। उसका पति पन्नालाल कोल रविवार सुबह राशन वितरण कर रहा था। करीब 40 लोगों को वह अनाज वितरित कर चुका था। इसी दौरान नेवारी निवासी सीताराम का पुत्र राशन कार्ड लेकर अनाज लेने के लिए आया। उसके कार्ड में सीताराम पुत्र सुक्खू लिखा था, जबकि सही नाम सीताराम पुत्र सुकालू होना चाहिये था। इस पर पन्नालाल ने सीताराम के पुत्र को कहा कि वह नाम सुधरवाकर अगले दिन आए तो उसे अनाज दे दिया जाएगा। यह सुनकर सीताराम का पुत्र वहां से चुपचाप चला गया। थोड़ी देर बाद करीब दस बजे सीताराम शटरिंग का एक पटरा लेकर राशन वितरण स्थल पर पहुंचा। इसके बाद बिना कुछ कहे सुने उसने पन्नालाल को ताबड़तोड़ शटरिंग के पटरे से मारने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे सीताराम के चंगुल से छुड़ाया। ग्रामीणों की मदद से पन्नालाल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में पन्नालाल की पत्नी मालती देवी ने तहरीर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।