सोनभद्र (घोरावल)। कोतवाली क्षेत्र के लोहांडी गांव में पिछले महीने एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया। सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि हत्या के दो आरोपियों अमरेश पुत्र हिंछलाल निवासी हिनौती थाना घोरावल और विवेक पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी राजापुर थाना मड़िहान, मिर्जापुर को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों की गिरफ्तारी शनिवार दिन में करीब 11 बजे हिनौती गांव में अमरेश के आवास से की गई है।
गौरतलब है कि पन्नूगंज थाना क्षेत्र निवासी रणजीत पुत्र बलदेव (28) की शादी घोरावल कोतवाली क्षेत्र के लोहांडी गांव में सीताराम की लड़की से तय हुई थी। बाद में लेन-देन के विवाद में शादी टूट गई। लेकिन रणजीत को लड़की बेहद पसंद थी और वह उसी से शादी करना चाहता था। उधर लोहांडी की इस लड़की की शादी सीताराम ने चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में तय कर दी। एक जून को लोहांडी में लड़की की बारात आई हुई थी। जब रणजीत को पता चला कि लड़की की एक जून को बारात आ रही है, तो वह एक जून की शाम को लोहांडी गांव पहुंच गया। वहां पहुंचकर वह लड़की के घर पर हंगामा करने लगा और उससे शादी करने की जिद पर अड़ गया। इसके बाद वहां झगड़ा और मारपीट भी हुई। हंगामा बढ़ता देख लड़की का भाई सुनील समझा बुझा कर रणजीत को अकेले में ले गया। इसके बाद से रणजीत गायब था। जब रणजीत घर नहीं लौटा तो घर वाले चिंतित हो गए। उसके पिता बलदेव की तहरीर पर सुनील समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उधर सुनील ने 21 जून को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस द्वारा उसे रिमांड पर लेकर हुई पूछताछ में सुनील ने हत्या की बात स्वीकार की। सुनील की निशानदेही पर मुक्खा के जंगल से पुलिस ने रणजीत का नरकंकाल बरामद किया था।