सोनभद्र। खनिज विभाग चेकपोस्ट लोढ़ी पर सोमवार को खनिज मोहर्रिर गिरिश चंद्र ने गिट्टी लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। मोहर्रिर ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने मोबाइल से उसे ट्रक न छोड़ने पर गोली मारने की धमकी दी है। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है और ट्रक खड़ा करा लिया है। खनिज मोहर्रिर की तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने चालक समेत दो के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार की सुबह करीब पौने नौ बजे खनन विभाग के लोढ़ी स्थित चेक पोस्ट पर कर्मचारियों के साथ खनिज मोहर्रिर गिरिश चंद्र गिट्टी-बालू लदे ट्रकों को रोक कर ईएमएम 11 की जांच कर रहे थे। उसी वक्त खनिज मोहर्रिर को गिट्टी लदे एक ट्रक चालक ने ईएमएम 11 दिखाया तो उस पर दूसरे ट्रक का नंबर लिखा हुआ था। खनिज मोहर्रिर ने चालक को ट्रक को साइड में खड़ा करने के लिए कहा तो वह उनसे उलझने लगा। फिर चालक ने खनिज मोहर्रिर को मोबाइल से अपने मालिक से बात कराने लगा। खनिज मोहर्रिर गिरिश चंद्र ने आरोप लगाया कि चालक ने जिस व्यक्ति से बात कराया, उसने अपने को एक जन प्रतिनिधि का प्रतिनिधि बताते हुए ट्रक न छोड़ने पर गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने चालक के पास ईएमएम 11 न होने की बात कहीं तो उसने फोन कट कर दी। उधर खनिज मोहर्रिर को धमकी मिलने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उससे धमकी देने वाले के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ट्रक समेत चालक को कोतवाली ले गई। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि बस्ती जिले के खमोखर खोरिया बाजार निवासी व खनिज मोहर्रिर गिरिश चंद्र की तहरीर पर मोबाइल पर धमकी देने वाले छोटू सिंह व हिरासत में लिए गए चालक भरत के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।