दुद्धी । बघाड़ू वन रेंज के बघाड़ू स्थित एक मकान में रविवार को वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान घर में छिपाकर रखे गए साखू के छह बोटे बरामद किए गए। बोटों को जब्त करने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सभी बोटे बघाड़ू के कंपार्टमेंट नंबर एक से कटे साखू के पेड़ के हैं। सूचना के आधार पर पेड़ कटाई में संलिप्त ईश्वरी यादव के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान जहां घर में कुछ बोटे पड़े मिले। वहीं एक बोटे को पटरा चीरने के लिए आरा पर लगाया गया था। बताया कि बोटों को कब्जे में ले लिया गया है और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। बोटों की कीमत के अलावा तीन गुना अगर जुर्माना आरोपी द्वारा भरा जाता है तो ठीक है नहीं तो चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी। कहा कि जंगलों से अवैध कटान व भंडारण किये गए अवैध लकड़ी की सूचना कोई भी व्यक्ति उन्हें कभी भी दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।