सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के पवर गांव के समीप मंगलवार को राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर आटो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में आटो में बैठी कलावती (55) और बाइक सवार सत्येंद्र सिंह (18) की मौत हो गई। इसके अलावा आटो सवार तीन यात्री घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शवों को मर्चरी में रखवाने के बाद हादसे में हताहत लोगों को घरवालों को सूचित किया। अपराह्न करीब दो बजे पवर गांव के समीप राबर्ट्सगंज से शाहगंज की तरफ जा रहे आटो की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में पवर निवासी बाइक सवार सत्येंद्र सिंह (18) पुत्र फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक सवार उसका साथी पवर गांव निवासी सुनील (24), आटो सवार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भरूहा गांव की कलावती (55) पत्नी उमाशंकर, शाहगंज थाना क्षेत्र के छोटकापुर गांव निवासी मनीष (22) पुत्र उदित यादव, टेटी गांव निवासी जानकी (40) पत्नी रमेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों और मृतक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने कलावती को बीएचयू रेफर कर दिया लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने के बाद हादसे के शिकार हुए लोगों के परिवारीजन अस्पताल पहुंच गए। बताया गया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। दुर्घटना के बाद बाइक सवार एक युवक और आटो चालक फरार हो गया। सिटी सीओ राहुल मिश्रा ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कोतवाल को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे मेें लेने का निर्देश दिया गया है।