सोनभद्र। राबर्ट्सगंज की नई बस्ती में बुधवार को मनबढ़ युवकों ने दुकानदार बच्चू लाल एवं उसकी पत्नी संगीता के साथ मारपीट की। दुकानदार के सिगरेट देने से मना करने पर विवाद हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकले। मामले में एक नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नई बस्ती निवासी बच्चू लाल गुप्ता गुुमटी में पान की दुकान चलाते हैं। बुधवार की शाम करीब सात बजे चार पहिया वाहन पर सवार चार युवक दुकान के पास रुके और सिगरेट मांगी। दुकानदार ने सिगरेट देने से मना किया तो युवक उससे हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर दुकानदार को बचाने के लिए उनकी पत्नी संगीता पहुंची तो युवक उनके साथ भी मारपीट करने लगे। आसपास के लोगों की सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले। पुलिस ने बताया कि बच्चू लाल की तहरीर पर आशीष और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।