विंढमगंज। थाना क्षेत्र के मूड़ीसेमर गांव से गुजरात कमाने गए राजकिशोर (19) का शव रविवार की सुबह गुजरात से उसके गांव आया तो गांव में मातम छा गया। एक निजी कंपनी के बॉयलर में रिसाव होने के दौरान राज किशोर जान बचाने के चक्कर में वहां तीन मंजिला छत से नीचे कूूद गया था। लेकिन मौके पर ही मौत हो गई। मूडीसेमर ग्राम पंचायत निवासी बुधनाथ यादव का पुत्र राजकिशोर यादव गुजरात की एक निजी कंपनी में काम करने गया था। उसके भाई राजकुमार ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई राजकिशोर भावनगर गुजरात में काम करने गए थे। बीते दिनों कंपनी के बॉयलर में रिसाव होने से भगदड़ हो गई थी। राजकिशोर भी भागने के दौरान तीन मंजिला मकान से नीचे कूद पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। कंपनी के लोगों ने भावनगर में ही पोस्टमार्टम कराकर शव को एंबुलेंस के साथ उसे सौंपा। रविवार को वह अपने भाई का शव लेकर अपने गांव आया है। कंपनी की ओर से उसे 50 हजार रुपये की सहायता राशि भी दी गई है। शव जैसे ही गांव में पहुंचा पहले से खबर पर दूधनाथ यादव के घर गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष एकत्रित हो गए थे। शव आते ही घर की महिलाएं व पुरूष दहाड़ मार कर रोने लगे। मौके पर ग्रामीणों ने व्यवस्था कर शव का दाहसंस्कार करा दिया।