ओबरा। प्रभागीय वनाधिकारी मूलचंद चौरसिया के निर्देशन में वन सुरक्षा दस्ते ने रविवार की रात अवैध बालू लदा ट्रक पकड़ लिया, जिसे ओबरा वन प्रभाग परिसर में खड़ा कराते हुए सीज कर दिया गया। वन सुरक्षा दस्ता प्रभारी टीपी सिंह की अगुवाई वाली टीम रविवार रात गश्त पर निकली हुई थी। रात्रि लगभग ढाई बजे मुखबिर ने सूचना दी कि एक 14 चक्का ट्रक बिना किसी कागजात के अवैध बालू लादकर जा रही है। सूचना मिलते ही वन सुरक्षा दस्ता ने महलपुर के समीप घेराबंदी कर उक्त ट्रक को पकड़ लिया। चालक द्वारा लदे बालू से संबंधित कोई कागजात न दिखाने उसे ओबरा वन प्रभाग कार्यालय परिसर लाया गया और वहां वन सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया। टीम में वनरक्षक वीरेंद्र राम,बनवारी लाल तिवारी आदि शामिल रहे।