अनपरा । अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में दुर्गा मंदिर के सामने रविवार को प्राइवेट बस के कंडेक्टर ने एक यात्री को धक्का देकर नीचे गिरा गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कंडेक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। डिबुलगंज निवासी अमित (20) रविवार को अपने ननिहाल सिदहवां गांव गया था। कुछ घंटे वहां रहने के बाद वह रेणुकूट से शक्तिनगर की तरफ जा रही प्राइवेट बस पर डिबुलगंज आने के लिए सवार हुआ। घटना अपराह्न सवा तीन बजे की है। डिबुलगंज पहुंचने पर अमित ने बस रोकने को कहा लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। इसी बात को लेकर कंडेक्टर व अमित में कहासुनी होने लगी। कहासुनी से बात इस कदर बढ़ी कि कंडेक्टर दुर्गा मंदिर के समीप अमित को चलती बस से धक्का दे दिया। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही अमित के तमाम दोस्त मौके पर पहुंचे। कार पर उसे बैठाने के बाद बस का पिछा कर उसे काशी मोड़ पर रोक लिया। इसी दौरान मौके पर अनपरा पुलिस के अलावा सौ नंबर पुलिस भी पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बस को थाने में खड़ा कराने के साथ ही उसके कंडेक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। अमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायल की तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।