दुद्धी। बभनी ब्लॉक के डूभा गांव निवासी एक युवक को लिफ्ट देने के बहाने नशीला बिस्कुट खिलाकर लूट लिया गया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली में टोल प्लाजा के पास फेंक दिया गया। वहां से गुजरते 100 नंबर पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य हुई तो उसने पूरे मामले की जानकारी दी। डूभा गांव निवासी उमेश गुप्ता (27) ने बताया कि वह अपने गांव में सहज जनसेवा केंद्र चलाता है। सोमवार को वह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कलेक्ट्रेट में होने वाली बैठक में भाग लेने गया था। बैठक के बाद घर लौटते समय कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर उसे एक बाइक सवार मिला, जिसने रेणुकूट की तरफ जाने की बात कहते हुए उसे भी बैठा लिया। रास्ते में उसने उमेश को एक बिस्कुट खिलाया। इसके बाद रानीताली टोल प्लाजा पहुंचते-पहुंचते वह बेहोशी की हालत में हो गया। इसके बाद बाइक सवार उसे सड़क किनारे लिटाकर उसका लैपटाप, मोबाइल, सोने की चेन, आठ हजार नगद, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस लेकर चलता बना। कुछ देर बाद वहां पहुंची पुलिस ने उसकी मदद की। पुलिस के जरिए ही उसने परिवार वालों को मामले की जानकारी दी। पीड़ित युवक ने इस मामले में दुद्धी थाने में तहरीर दी है।