घोरावल। कोतवाली में रविवार देर रात चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में पीड़ित महिला की तहरीर पर उसके पति, सास, ससुर समेत चार के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। मिर्जापुर जिला के मड़िहान थाना के गोपालपुर की मधुलता की शादी पिछले साल घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगवां नंदलाल गांव निवासी धीरेंद्र कुमार मौर्या पुत्र रामदुलारे मौर्या के साथ हुई थी। मधुलता ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले आए दिन दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट करते थे। उसके पति, सास, ससुर अक्सर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी। वे बाइक या एक लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित महिला ने बताया कि गत 28 सितंबर को उसके ससुराल वालों ने इसी मांग को लेकर उसकी पिटाई की। उसके असमर्थता जताने पर ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। इस संबंध में पीड़ित महिला मधुलता की तहरीर पर पति धीरेंद्र कुमार मौर्या, ससुर रामदुलारे मौर्या, सास लालती देवी एवं भैंसवार निवासी भांजे रामाश्रय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।