चोपन। एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) मिर्जापुर की टीम ने मंगलवार को अपराह्न तीन बजे के करीब नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठान में छापेमारी की। करीब ढाई घंटे तक चली जांच से व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। जांच में जहां जाली बुक पर बिक्री की बात सामने आई, वहीं व्यापारी स्टाक के कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पेनाल्टी के रूप में करीब पांच लाख रुपये जमा कराए गए। ज्वाइंट कमिश्नर ओपी सिंह की अगुवाई और डिप्टी कमिश्रर एके सिंह, असिस्टेंट कमिश्रर रमेश कुमार साहिं, राधेश्याम यादव, धनंजय सिंह, अंबरीश सिंह, कामर्शियल टैक्स ऑफिसर सुरेश प्रसाद की मौजूदगी वाली टीम जैसे ही कपड़े के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर पहुंची, हड़कंप मच गया। अध।किारियों की टीम ने एक-एक सामान की जांच की और बिक्री बुक का मिलान किया। ज्वाइंटर कमिश्नर ओपी सिंह ने बताया कि कारोबारी ने जाली बुक पर ही बिक्री दर्शाई थी। सनटाक के बाबत भी कोई कागजात नहीं प्रस्तुत कर सके। ऐसे में स्टाक में मिले माल पर जीएसटी और जुर्माना मिलाकर करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना जमा कराया गया। व्यापार स्थल से मिले लूज पर्चे, डुप्लीकेट बुक जब्त करने के साथ ही व्यापारी को समन जारी कर आगे की कार्रवाई के लिए विशेष अनुसंधान शाखा कार्यालय बुलाया गया।