विंढमगंज। थाना क्षेत्र के जामपानी में बृहस्पतिवार की दोपहर पैर फिसलने से एक किशोरी नवनिर्मित बंधे में गिर गई। गहरे पानी में जाने के कारण उसकी डूब कर मौत हो गई। दोपहर एक बजे कपिल देव यादव की 16 वर्षीय पुत्री कुंती कुमारी घर के गंदे कपड़े को लेकर घर से महज 500 मीटर दूरी पर निर्मित नवनिर्मित बंधे के भीटे पर रखे पत्थर पर बैठकर कपड़े धो रही थी। इसी बीच पांव फिसलने से अचानक वह बंधी में गिर गई। गहरे पानी में जाने के कारण वह बंधे में ही समा गई। यह देख वहां मौजूद उसका भाई जितेंद्र कुमार दौड़ता हुआ घर आया और परिवार के लोगों को लेकर पहुंचा। किसी तरह उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। प्रधान वासुदेव राम, रतन स्वर्ग, रामविचार, हरिहर साह आदि ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कराई। हादसे से गमगीन परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।