सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात कुछ लोगों ने प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी समेत दो लोगों को बंधक बनाकर पीटा। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद उनकी चंगुल से प्रेमी और उसके एक साथी को छुड़ाकर कोतवाली लेकर पहुंची। पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात करीब दस बजे पन्नूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक अपने एक रिश्तेदार के साथ राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पर पहुंचा। इसकी जानकारी होने पर युवती के घरवालों ने दोनों को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों को एक कमरे बंद कर दिया। इसकी जानकारी किसी ने सौ नंबर पर दे दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। सूचना पाकर दो वाहनों से पुलिस पहुंच कर नाराज लोगों को दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देने में जुट गए। लेकिन लोगों का कहना था कि युवक पूर्व में युवती को भगा कर ले जाने का प्रयास कर चुका है। मना करने के बाद भी वह मानने को तैयार नहीं है। हालांकि पुलिस कर्मियों ने किसी तरह से लोगों को शांत कर उनकी चंगुल से दोनों को छुड़ाकर कोतवाली ले गई। रविवार को हिरासत में लिए गए युवक के घरवाले युवती के परिवार वालों से सुलह-समझौते की बात कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि युवती के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके अनुसार मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।