सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के करईल ग्राम पंचायत के जयनारायण उरांव (50) पुत्र बैजनाथ उरांव का शव शनिवार की सुबह बबूल के पेड़ से नायलान की रस्सी के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों ने शव लटका देख इसकी जानकारी परिवार वालों के साथ ही पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। करईल ग्राम पंचायत के धंगरडीहा टोला निवासी जयनारायण शुक्रवार की सुबह अपने घर से निकला था। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था और शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका उसके परिवार वालों से विवाद भी हो गया था। कहासुनी के बाद वह गुस्से में घर से निकल गया था। इसके बाद शाम तक वह घर नहीं लौटा तो उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। फिर रात हो गई तो परिवार वाले घर लौट आए। शनिवार की सुबह करीब छह बजे जब गांव वाले खेत की ओर गए तो देखा कि जयनारायण का शव बबूल के पेड़ से नायलान की रस्सी के सहारे लटका पड़ा था। सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। वहीं से कोन थाना पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और उसका पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।