सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के दीपनगर मोहल्ले में शुक्रवार को बालू के अंदर रमेश सोनी (32) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव बुरी तरह से सड़ चुका है। रमेश रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दीपनगर तालाब के पास स्थित शशिभूषण जालान की चहारदीवारी के अंदर रखे बालू से दुर्गंध उठने से आस पास के लोग परेशान हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंचे चौकी इंचार्ज अवधेश यादव ने चहारदीवारी मालिक से गेट खुलवाकर अंदर दाखिल हुए तो बालू के अंदर हाथ दिखाई दिया। पुलिस ने बालू हटाया तो राबर्ट्सगंज नगर के सांई चौक के समीप रहने वाले राजेश उर्फ बुड्ढे का शव निकला। इसकी जानकारी मिलने पर घरवाले भी पहुंच गए। भाई घनश्याम, राजेश छोटू और सोनी का कहना था कि रविवार से रमेश लापता है। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। भाई के गुम होने का रिपोर्ट दर्ज करा कर वे लोग खोजबीन कर रहे थे। शव को देखने से लग रहा है कि हत्या कर शव को बालू से ढका गया है। पुलिस ने घरवालों को अविलंब मामले का पर्दाफाश कराने का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार दीक्षित ने कहा कि आठ अगस्त को ही रमेश के भाई की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत कैसे हुई इसका स्पष्ट पता चलेगा। कहा कि चहारदीवारी का गेट बंद था। इसके बाद करीब छह फीट चहारदीवारी के अंदर रखे बालू के अंदर शव को कैसे छिपाया गया इसका पर्दाफाश करने के लिए सिटी सीओ के नेतृत्व में कोतवाल और चौकी इंचार्ज को लगाया गया है।