दुद्धी/ विंण्ढमगंज। थाना क्षेत्र के हीराचक गांव के पास कनहर नदी में मंगलवार को फोर्स के साथ विंढमगंज रेंजर वीके श्रीवास्तव ने अवैध बालू लोड करने के लिए खड़े पांच पिकअप को पकड़ लिया। इसकी भनक लगते ही मौके पर ग्रामीणों के साथ अवैध खनन करने वालों ने पहुंच कर वाहनों को छोड़ने की मांग को लेकर हंगामा किया। लेकिन पुलिस ने सभी वाहनों को दुद्धी कोतवाली में ले जाकर खड़ा कर दिया। जिन्हें बाद में पांच हजार जुर्माना अदा कर देने के बाद छोड़ दिया गया। सुबह करीब नौ बजे फोर्स के साथ विंढमगंज, दुद्धी कोतवाल रेंजर वीके श्रीवास्तव कनहर नदी पर पहुंचे। पुलिस को देख अवैध खनन करने वाले और वाहनों के चालक गाड़ी छोड़ कर भागने लगे। पुलिस ने खनन स्थल पर खड़े तीन मैजिक, दो पिकअप, बालू भरने के लिए रखे बोरी के बंडलों, फावड़े आदि को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की। उसी वक्त काफी संख्या में मौके पर ग्रामीण पहुंच कर हंगामा करने लगा। उनका कहना था कि वाहनों को छोड़ा जाए। मामला गंभीर होता देख पुलिस ने हंगामा करने वालों को हिरासत में लेने की तैयारी शुरू की तो वे लोग शांत हो गए। इसके बाद पुलिस ने दुद्धी कोतवाली में सभी वाहनों को ले जाकर खड़ा कर दिया। दुद्धी पुलिस के मुताबिक सभी वाहनों पर लदी बोरियों के बालू को फिर से नदी में डाल दिया गया। जबकि बोरियों को जब्त कर लिया गया है। अंत में सभी वाहनों को प्रति एक हजार जुर्मामा अदा करने पर छोड़ दिया गया। रेंजर वीके श्रीवास्तव का कहना है कि सुरक्षित वन भूमि में अवैध खनन किया जा रहा है। वहां से पांच पिकअप को पकड़ा गया । प्रत्येक वाहन पर एक हजार जुर्माना लगाया गया। इसके बाद छोड़ दिया गया। कहा कि अवैध खनन किसी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। पिछले कुछ दिनों से धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है।