सोनभद्र। जिले के एक महाविद्यालय में दैनिक लिपिक के पद पर कार्यरत युवती ने अपने ही महाविद्यालय के एक वरिष्ठ लिपिक पर छेड़खानी एवं दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़िता ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में लिपिक के खिलाफ तहरीर दी। इसके पूर्व सीएम समेत अन्य अधिकारियों को लिपिक के खिलाफ शिकायती पत्र भेज चुकी है।
पीड़िता ने पुलिस को अवगत कराया है कि वह जून 2013 से महाविद्यालय दैनिक लिपिक के पद कार्यरत है। उसके कमरे में लगा कंप्यूटर अक्सर खराब रहता था, इसकी सूचना जब वरिष्ठ लिपिक को देती तो वह अपने कमरे में बुलाकर कंप्यूटर पर काम कराने लगते थे। उसका आरोप है कि जब भी वह कंप्यूटर पर काम करने के लिए जाती थी, लिपिक उसके बगल में बैठ कर छेड़खानी करने लगता था। विरोध करने पर धमकी देता था कि तुम दैनिक मजदूरी पर कार्यरत हो, नौकरी से निकलवा दूंगा। कई बार लिपिक के करतूतों को मौखिक रूप से प्राचार्य को अवगत कराई।
दो अक्तूबर 2018 को प्राचार्य से उक्त लिपिक की लिखित रूप से शिकायत की। उन्होंने कहा कि किसी को घटना की सूचना मत देना, मैं लिपिक को समझा दूंगी। बावजूद इसके लिपिक के स्वभाव में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। विवश होकर 15 फरवरी 2019 को दोबारा प्राचार्य को उसके खिलाफ तहरीर दी, फिर भी वह नहीं सुधरा। इसी के बीच शासन से कनिष्ठ सहायक की नियुक्ति हो गई और वरिष्ठ लिपिक ने साजिश कर नौकरी करने से मना करवा दिया। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।