म्योरपुर। थाना क्षेत्र के सुपाचुआ गांव में सोमवार की रात सड़क हादसे में घायल बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि शाहगंज थाना क्षेत्र में हुए हादसे में घायल की पांच दिन बाद मंगलवार की शाम मौत हो गयी। घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। म्योरपुर थाना क्षेत्र के सुपाचुआ गांव में रामलखन (28) पुत्र शिव प्रसाद सोमवार की रात बाइक से गिरकर घायल हो गया। इस दौरान परिजनों ने उसे म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया। घायल की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। लेकिन उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना शाहगंज थाना क्षेत्र की है। बीते पांच दिनों पूर्व बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव निवासी मुकेश (35) पुत्र रामनंदन दुबे शाहगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बुरी तरह से घायल हो गया था। मुकेश पेशे से डंपर चालक था। शाहगंज में डंपर के हादसे का शिकार होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के बाद परिजन उसे घर ले आए थे। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे बभनी सीएचसी ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों उसे लेकर म्योरपुर अस्पताल पहुंचे जहां उसने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मृतक की जानकारी पुलिस को मेमो के माध्यम से दे दी है।