शाहगंज। थाना क्षेत्र के राजपुर मार्ग पर संकट मोचन मंदिर के पास बृहस्पतिवार की दोपहर ट्रैक्टर के चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से मुकेश (14) की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने दोपहर बाद करीब एक बजे चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ राहुल मिश्रा ने लोगों को समझाकर करीब सवा दो बजे जाम समाप्त कराया। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कमौजी गांव निवासी मुकेश और उसका बड़ा भाई उमेश (20) पुत्र आनंद बृहस्पतिवार को बाइक से अपने बहनोई के घर राजपुर खिचड़ी पहुंचाने जा रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे राजपुर-शाहगंज मार्ग पर उनकी बाइक एक ट्रैक्टर से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया लेकिन मुकेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घटना से गुस्साए क्षेत्रीय ग्रामीणों ने राजपुर गांव में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण इस मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। लिंक मार्ग होने से हालांकि इस चक्काजाम का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ राहुल मिश्रा ने करीब सवा दो बजे ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। उधर डाला प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय बस स्टैंड के पास ट्रेलर व ट्रक के टक्कर में एक चालक घायल हो गया। बुुधवार की रात ओबरा से ट्रेलर लोहे क प्लेट खाली कर उड़ीसा जा रहा था। डाला बस स्टैंड के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कार्बन लदे ट्रक ने ट्रेलर में टक्कर मार दी। इससे ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेलर का चालक जगरनाथ यादव (45) निवासी हजारीबाग झारखंड घायल हो गया। घायल चालक को पुलिस चोपन सीएचसी ले गई। उधर ट्रक का चालक करीब एक किमी दूर जाकर ट्रक खड़ा कर वहां से फरार हो गया।