सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बुड़हर गांव के समीप राजमार्ग पर बाइक सवार तीन युवकों ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक महबूब को असलहा सटाकर बैग में रखा एक लाख पैंतीस हजार नकद और मोबाइल लेकर फरार हो गये। भुक्तभोगी महबूब अली निवासी पूरब मोहाल, राबर्ट्सगंज की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महबूब हिंदुआरी में भारतीय स्टेट बैंक ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। सायंकाल पांच बजे के करीब हिंदुआरी से नकदी लेकर राबर्ट्सगंज आ रहे थे। सीओ विवेकानंद तिवारी ने भी मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई और मामले के जल्द वर्कआउट के निर्देश दिए।