म्योरपुर। थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में हुए सड़क हादसे के बाद लगा जाम साढ़े सात घंटे बाद खुला। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाया। रविवार को हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी।
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर किलबिल में रविवार की दोपहर हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। करीब साढ़े सात घंटे बाद रात में जाम खुल सका। ग्रामीणों का आरोप था कि आए दिन तेज रफ्तार बालू लदे ट्रकों की वजह से दुर्घटनाओं में इजाफा हो गया है। प्रशासन के शह पर ही बालू लदे ट्रकों का संचालन किया जा रहा है। उनका कहना था कि स्पीड ब्रेकर न होने की वजह से भी गाड़ियों के रफ्तार तेज है। जाम के दौरान ग्रामीणों को मनाने के लिए तहसीलदार मृत्युंजय सिंह ने काफी प्रयास कया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके अलावा सीओ ओबरा डॉ. कृष्ण गोपाल के साथ म्योरपुर, दुद्धी, बभनी, बीजपुर थानों की फोर्स भी जाम खुलवाने का प्रयास करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात करीब साढ़े नौ बजे पहुंचे एडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण मानें तब जाकर जाम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली।।