बभनी। थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में बुधवार की रात महुआ बीनने के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चला। इस दौरान दोनों पक्षों से 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनका चालान कर दिया। इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने बताया कि संजय साव व परिवार के अन्य लोग महुआ बीन रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान का पुत्र संतोष वहां पहुंच गया और उससे नोक झोक शुरू हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिवार के अन्य लोगों के साथ नधिरा प्रधान मौके पर पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और फिर देखते ही देखते हाथापाई के साथ ही लाठीडंडा भी चलने लगा। इस मारपीट में दोनों पक्षों से 11 लोग घायल हो गए। मामले की सूचना पर सौ नंबर डायल पुलिस व बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बीच-बचाव किया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने प्रथम पक्ष से प्रधान राजेंद्र प्रसाद और संतोष तथा दूसरे पक्ष से संजय साव और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनका चालान कर दिया। प्रथम पक्ष से चिंता देवी पत्नी विजय, विजय पुत्र राजकुमार, नेहा देवी पत्नी संजय, चमेली पत्नी राजकुमार, दूसरे पक्ष के अमित पुत्र राजेंद्र, राजकुमारी पत्नी राजेंद्र, रूकमनिया पत्नी संतोष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी दुद्धी करेंगे।