सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में सोमवार को चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। युवक की निशानदेही पर नहर के समीप से चोरी गया सूटकेस मिला, लेकिन उसमें से आभूषण, रुपये गायब थे। पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने युवक को बंधक बना लिया। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उनकी चंगुल से युवक को मुक्त कराया।
रविवार की रात राजपति देव के घर से सूटकेस चोरी हो गया। सोमवार की भोर करीब चार बजे राजपति देव को घटना की जानकारी हुई तो वे सूटकेस की खोजबीन में जुट गए। पांच बजे के करीब चोरी की शक में कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़ कर उसे पीटना शुरू किया तो उसने चोरी की बात कबूल कर ली। राजपति के मुताबिक युवक की निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर नहर के समीप छिपा कर रखा गया सूटकेस मिला। सूटकेस से एक पायल, दो हजार रुपये और कई महंगी साड़ियां गायब हो गई है। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को बंधक बना कर घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने बताया हिरासत में लिए गए युवक को ग्रामीणों ने पीटकर जख्मी कर दिया है। कहा कि राजपति देव जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।