सोनभद्र। ठग गिरोह के सदस्यों ने सरकार से 40-40 हजार रुपये दिलाने का झांसा देकर कुछ लोगों से 14-14 हजार जमा करा लिया। इसके बाद रुपये लेकर फरार हो गए। मामला रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के नरोखर और रायपुर थाने कम्हरिया गांव का है। बुधवार को महिलाएं रुपये जमा कराने वालों के आफिस पहुंची तो ताला बंद मिला। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कम्हरिया गांव निवासी गीता, रजुली, मालती, नरोखर निवासी अमरावती, सगिरा, सुहाना, विमली, चंदा, दुर्गावती, सुनीता, सविता, अमरावती, पुष्पा, कलावती, धानमति, उर्मिला, रमावती, लालती, शिवकुमारी, पार्वती, मीरा, चम्मा बिंदू आदि ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि छह नवंबर को तीन युवक उनके गांव पहुंचे। युवकों ने बताया कि 14100 रुपये सदस्यता शुल्क लेकर समूह बनाकर 40 हजार रुपये देने की योजना की शुरूआत की गई है। उसी दिन उन लोगों ने बरकरा पोखरा के समीप स्थित अपने आफिस पर बुलाकर 25 लोगों से करीब 14-14 हजार रुपये जमा कराया। उन लोगों ने तीन दिन में 40-40 हजार रुपये खाते में पहुंच जाने की बात कही थी। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी खाते में रुपे नहीं पहुंचे। अब उनके मोबाइल पर कॉल किया जा रहा है तो बंद बता रहा है। उनका आरोप था कि आरोपी आफिस भी छोड़ कर फरार हो गए हैं। आरोपियों ने एक फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताकर उनसे ठगीी की है। कोतवाल अंजनी कुमार राय का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।