सोनभद्र। जिले में तैनात एक अधिकारी पर एक महिला ने नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला आयोग लखनऊ को शिकायती पत्र भेज कर मदद की गुहार लगाई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने महिला आयोग को पत्र भेज कर आरोप लगाया है कि वह किसी के माध्यम से आरोपी अधिकारी के संपर्क में आई। आरोपी ने हमदर्दी दिखाते हुए नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। बाद में उसकी नौकरी लगवा भी दी गई। पत्र में पीड़िता ने यह आरोप भी लगाया है कि आरोपी ने अपने कमरे पर बुलाकर मनमानी करने के साथ ही नौकरी दिलाने के बदले उसका गहने ले लिया। यह आरोप भी है कि नशीला पदार्थ खिलाकर आरोपी ने उसका शोषण किया और कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर भी करवा लिया। पत्र में यह आरोप भी लगाया गया है कि आरोपी उसके साथ गलत काम करता रहा। पीड़िता ने आयोग को भेजे पत्र में यह आरोप भी लगाया है कि फरवरी 2020 में आरोपी अधिकारी ने नाराज होकर उसे नौकरी से निकलवा दिया और अब आरोपी पुलिस के माध्यम से उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की धमकी दे रहा है। हालांकि महिला आयोग की तरफ से जांच के लिए अभी तक किसी अधिकारी के पास पत्र पहुंचा है अथवा नहीं, इस बारे में न तो पुलिस कुछ बता पा रही है और न ही कोई अन्य अधिकारी।