शक्तिनगर। ओबी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर की गई ठगी मामले में सोमवार शाम पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दिया गया है। मामला एनसीएल निगाही क्षेत्र में ओबी निस्तारण का कार्य कर रही डीबीएल कंपनी का है। विवरण के मुताबिक पीड़ित महेश शर्मा, अभिनेय शर्मा सहित नौ लोग सभी निवासी करहिया खटखरी थाना बैढन ने मोरवा (सिंगरौली) थाने में शिकायत दर्ज कराया कि रमेश सिंह निवासी खड़िया, शक्तिनगर व उसके कुछ अन्य साथियों द्वारा डीबीएल कंपनी निगाही में नौकरी दिलाने के नाम पर 30-30 हजार रूपये लिए। पीड़ितों के आरोप तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ मोरवा थाने में देर शाम मुकदमा दर्ज हो गया। मोरवा के प्रभारी मोरवा मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ितों ने जिन खातों में पैसा डाला है पुलिस उनकी जानकारी हासिल कर रही है। उनका कहना था कि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जायेगी। बताते चलें कि पुलिस कप्तान की जानकारी में बेरोजगारों से रोजगार के नाम पर उगाही का मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई है। पुलिस का कहना है कि बेरोजगारों को धोखा देकर नौकरी के नाम पर उनसे पैसे लेने की सूचना मिलती है तो आरोपियों को बक्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।