केकराही। करमा थाना क्षेत्र के केकराही रेलवे क्रॉसिंग के समीप मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर बुधवार को टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती व बालक घायल हो गए। उन्हें केकराही पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वह वैष्णो देवी के दर्शन करने डाला जा रहे थे। मां की गोद में बैठा दो वर्षीय मासूम बाल-बाल बच गया।
क्षेत्र के गांव बैडाड़ निवासी विश्वास मौर्या (30) अपनी पत्नी पूनम (28) व बच्चे प्रिंस (9) वर्ष के साथ वैष्णो देवी के दर्शन करने डाला जा रहे थे। केकराही रेलवे क्रासिंग के पास सामने से आ रहे टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विश्वास को दाहिने पैर और सिर में गंभीर चोट आई। वहीं पत्नी पूनम का दाहिना हाथ व सिर जख्मी हुआ। बेटा प्रिंस को भी सिर में चोट आई, जबकि पूनम की गोद में बैठा दो वर्षीय मासूम पूरी तरह सुरक्षित है। भाजपा नेता विपिन तिवारी ने लोगों के मदद से घायलों को पीएचसी केकराही में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि तीनों की हालत गंभीर है।