दुद्धी के बीआरडी कालेज में काउंसिलिंग में शामिल छात्र व प्रोफेसर-संवाद
दुद्धी। बीआरडी पीजी कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सूची के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। काउंसिलिंग की प्रक्रिया 18 जुलाई तक चलेगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार बीए पाठ्यक्रम में सामान्य वर्ग की 52, सामान्य महिला वर्ग की 26, अनुसूचित जनजाति (एसटी) की आठ, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की 29 तथा ओबीसी महिला वर्ग की 12 सीटों के लिए दूसरी सूची के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की जा रही है। बीकॉम में 120 सीटों के सापेक्ष अब तक 116 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं बीएससी (बायो) में 60 सीटों में से 46 पर प्रवेश हो चुका है, जबकि शेष 14 सीटों के लिए दूसरी सूची के तहत काउंसिलिंग शुरू हो गई है। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की सीटों पर भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार भारती ने बताया कि पहली मेरिट सूची के बाद दूसरी सूची के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो 18 जुलाई के बाद तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि एमए (हिंदी, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र) व एमएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इन पाठ्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी 16 जुलाई से 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।