सोनभद्र। जिले में सात महिलाओं समेत 54 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 1355 हो गई है। पाजिटिव मिले लोगों में अधिकांश रेणुकूट व ओबरा क्षेत्र के लोग हैं। उधर, पूर्व में संक्रमित मिले मरीजों में से आठ लोग मंगलवार को स्वस्थ भी घोषित किए गए। अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 1104 हो गई है। इसकी पु ष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उधर, चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें मंगलवार को भी रैंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने 1818 लोगों के सैंपल जांच के लिए। इस बीच मंगलवार को पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1748 लोगों की जांच रिपोर्ट भी आई। जिसमें 54 पाजिटिव व 1694 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। सीएमओ डा.एसके उपाध्याय के मुताबिक अब तक 48498 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 46850 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। जिसमें 1355 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव और 45495 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। इसके अलावा 1648 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संक्रमित मिले लोगों में से अब तक दो लोगों की मौत जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में इलाज के दौरान हुई जबकि अन्य 11 लोगों की मौत दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। एक्टिव मामले 238 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को संक्रमित मिले मरीजों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइट कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। संबंधित इलाकों में बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है।