ओबरा स्थित दुसान पावर में कोरोना संक्रमित को लेने पहुंची एंबुलेंस।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली के एक पुलिसकर्मी समेत जिले में 57 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजीटिव आई है। इसके साथ ही अब तक पाजीटिव मिले लोगों की संख्या 693 हो गई है। हालांकि अब तक 428 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इनमें से 18 कोरोना संक्रमित मरीज मंगलवार को स्वस्थ हुए। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की है। उधर, पाजीटिव इलाकों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को पुलिसकर्मी समेत 57 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर स्वास्थ्य महकमा में खलबली मची रही। उधर, चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें रेंडम व कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में मंगलवार को भी जुटीं रहीं। मंगलवार को 1357 लोगों के सैंपल लिए गए। हालांकि 1733 लोगों की रिपोर्ट भी आई। जिसमें से 57 पाजिटिव और 1676 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 21991 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 21833 की रिपोर्ट आई है। जिसमें 21140 निगेटिव और 693 पाजिटिव मिले हैं। पाजिटिव मिले लोगों में स 428 स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से 18 मंगलवार को स्वस्थ हुए। मंगलवार को 57 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव मिलने पर एक्टिव केस अब 265 हो गए हैं। संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराने के साथ ही लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। एसडीएम यमुनाधर चौहान का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है। संबंधित इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लाकडाउन का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।