सोनभद्र/बीजपुर। जिले की सीमा से सटे झारखंड, बिहार के गांवों में कुछ लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता कड़ी कर दी गई है। रात्रि में भी सघन जांच की जा रही है और इस पर ध्यान दिया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति पड़ोसी राज्यों से सोनभद्र की सीमा में प्रवेश न कर सके। वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए मध्य प्रदेश की सीमा पर सतर्कता बढ़ी हुई है। पुलिस जवानों के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट सीमा की निगरानी कर रहे हैं। बेवजह सीमा पार करने की अनुमति नही दे रहे। अति आवश्यक कार्य होने पर ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है। निगरानी में तैनात जवान सड़क के अलावा जंगलो के रास्तो पर भी नजर बनाए हुए है ताकि कोई जंगल के रास्ते आवागमन न कर सके। प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर यादव ने बताया कि सीमा पर पैनी नजर रखी जा रही है। हर आने जाने वालों को कारण पूछ कर ही छोड़ा जा रहा है। सीमा पर रखे रजिस्टर में नाम पता व मोबाइल नंबर लिखा जा रहा है। खाद्य आपूर्ति के लिए आने जाने वाले वाहनों के पास की जांच के बाद ही छोड़ा जा रहा है। दुकानों पर जांच कर सोशल डिस्टेंस का पालन करवाया जा रहा है। लोगों को मॉस्क या गमछा पहन कर ही घर से निकलने के लिए बताया जा रहा है। विंढमगंज: थाना क्षेत्र से सटे झारखंड के जिला गढ़वा के एक मुहल्ले में तीन कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सीमा पर चौकसी तेज कर दी गई है। सोमवार को दुद्धी सीओ संजय वर्मा ने मौका मुआयना किया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह को निर्देश दिया कि झारखंड बॉर्डर से सटे सभी गांवों के रास्ते पर गहन निगरानी व आने जाने वाले लोगों की जांच के बाद ही छोड़ा जाए। बॉर्डर पर लगे थाने के पुलिस जवान खुद को सैनिटाइज रखें और दूर से ही वाहन चालकों व अन्य लोगों से पूछताछ करें।