कोरोना पॉजिटिव मिलने पर ग्यारहवें दिन बाईपास रोड का मकान सील रहा।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। बहुअरा पीएचसी पर तैनात दो स्वास्थ्यकर्मियों समेत 36 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या कुल 389 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डा एसके उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि शक्रवार को 32 लोग स्वस्थ होकर घर भी लौट गए। एक्टिव मामले 125 हो गए हैं। संक्रमित लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीमें शुक्रवार को भी अलग-अलग स्थानों पर रेंडम व कंटेनमेंट जोन में लोगों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शाम तक कुल 319 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए जबकि 510 लोगों की रिपोर्ट आई। जिसमें 36 पाजिटिव और 474 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है। सीएमओ के मुताबिक, अब तक 11532 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 11189 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 389 पाजिटिव और 10800 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 343 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने जिन लोगों की रिपोर्ट शुक्रवार को पाजिटिव आई है, उनके आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर बैरिकेडिंग कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज भी कराने के लिए कहा गया है। ताकि संक्रमण के फैलाव पर रोक लग सके। उधर, प्रशासन व पुलिस ने भी संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर बैरिकेडिंग की प्रक्रिया शुरू करा दी है। एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील करा दिया गया है। संबंधित इलाकों में बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। संबंधित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश ड्यूटी पर लगे अधिकारियों के दिए गए हैं। ड्यूटी पर लगे पुलिस के जवानों को भी लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही मास्क लगाकर घरों से निकलने की अपील भी जा रही है। सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।