शादी में दुल्हन के लिए गहने कम आने पर मंडप में हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि दुल्हन ने शादी से ही इन्कार कर दिया। काफी कोशिशों के बाद लड़की शादी के लिए राजी नहीं हुई। बरात बिन दुल्हन के ही लौट गई।
डाला चौकी क्षेत्र के धौठा ठोला में रविवार की रात दुद्धी क्षेत्र से बरात आई थी। कन्या पक्ष ने बरातियों का खूब स्वागत सत्कार किया। धूमधाम से द्वारपूजा और जयमाल हुआ। भोजन के बाद मंडप में शादी की रस्में शुरू हुईं। इस दौरान दुल्हन के लिए चढ़ावे में गहने कम आने पर लड़की पक्ष के लोगाें ने नाराजगी जताई। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
मामला बिगड़ा तो दुल्हा भी हस्तक्षेप करने लगा। मंडप में कोट उतारकर हंगामा करते हुए शादी के बाद लड़की देख लेने की धमकी देने लगा। जानकारी दुल्हन को हुई तो वह भी भड़क गई और शादी से ही इंकार कर दिया। दुल्हन के फैसले के बाद दुल्हा पक्ष के लोग सकते में आ गए।
बाद में दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों ने बैठकर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। घंटों पंचायत के बाद बरात बिन शादी के ही लौट गई।