घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पठका गांव के पास जमगाई मोड़ के समीप सोमवार को देर रात पेड़ से टकराकर सड़क दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से एक घायल को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम से ड्यूटी कर लौट रहे घोरावल क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति जब पठका गांव के पास पहुंचे तो उन्होंने एक गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ देखा। गाड़ी पेड़ से टकरा गई थी और उसके परखच्चे उड़ गए। राहगीर ने 112 नम्बर पर फोन कर एक्सीडेंट की जानकारी दी। आवाज देकर गांव वालों को मदद के लिए पुकार लगाई तो दर्जन भर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। गांव वालों के साथ मिलकर गाड़ी मे सवार सोनू (25), संजय कनौजिया (30) को लोगों ने बाहर निकाला। गाड़ी में सवार प्रमोद कुमार यादव (33) उसी में फंसे रहे। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से उन्हें बाहर निकाला गया। उसके बाद पुलिस व एम्बुलेंस भी पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सोनू और संजय का उपचार जिला अस्पताल में हुआ। प्रमोद को गंभीर चोट लगने के कारण वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।