शक्तिनगर में प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपते संविदा श्रमिक।
- फोटो : SONBHADRA
वेतन, छंटनी व ईपीएफ की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत संविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एनटीपीसी के उपमहाप्रबंधक मानव संसाधन पुरुषोत्तम लाल को ज्ञापन ज्ञापन सौंप कर चेताया कि 16 तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो 17 अगस्त को बड़ा आंदोलन होगा। पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत संविदाकार कंपनी बीएचईएल की उप संविदाकार कंपनी यूनिफाइड पावर प्राइवेट लिमिटेड (यूपीपीएल) की ओर से मजदूरों का ईपीएफ व वेतन भुगतान ना करने व वैध गेट पास होने के बावजूद मजदूरों की छंटनी से नाराज मजदूरों ने जनता मजदूर संघ के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए मजदूर पावर प्लांट के बीएचईएल गेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। मजदूरों ने कहा कि वेतन भुगतान व छंटनी पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। आरोप है कि मजदूरों का ईपीएफ और जून का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। जब मजदूरों ने वेतन भुगतान की मांग की तो कंपनी ने वैध गेट पास के बावजूद बिना सूचना के मजदूरों को प्लांट से बाहर कर दिया और वेतन भुगतान करने में असमर्थता जाहिर कर दी। प्रदर्शन करने वालों में रौशन श्रीवास्तव, सुनील सिंह, राजन यादव, श्रुति सिंह, कृष्णा सिंह, अभय कुशवाहा, सतीश सिंह, रामसुभग, लाला सिंह, सारिका श्रीवास्तव आदि रहे।