शक्तिनगर वाराणसी राजमार्ग मधुपुर के समीप सड़क हादसा में लगी भीड़।
- फोटो : SONBHADRA
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग सुकृत चौकी क्षेत्र के कम्हरिया गांव के पास सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत मीटर रीडर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब घंटे भर जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
कम्हरिया गांव निवासी राजकुमार पटेल (30) पुत्र तेज बहादुर बिजली विभाग में संविदा पर मीटर रीडर का काम करता था। सोमवार को वह अपने पिता के साथ धान बिक्री के बाद अंगूठा लगवाने के लिए मधुपुर गया था। वहां से शाम करीब चार बजे राजकुमार पिता को बाइक पर बैठाकर अपने घर जा रहा था। गांव के पास राजमार्ग पर पीछे हो रहे ट्रक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। ट्रक के नीचे आने से राजकुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पीछे बैठे पिता बाल-बाल बच गए। सुकृत चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, घटना से गुस्साए लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इसकी खबर मिलते ही कोतवाल बाल मुकुंद मिश्रा, एसआई ऐश खां भी घटनास्थल पर पहुंच गए। नाराज लोगों को समझाने बुझाने मेें जुट गए। नाराज लोगों का कहना था कि सड़क के बगल में एक बिल्डिंग मैटेरियल के दुकानदार ने गिट्टी बालू का भंडारण कर पटरी अवरुद्ध किया है, जिससे घटना हुई। कोतवाल ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराते हुए जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई।