मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारी तेज हो गई है। एक सितंबर को लोढ़ी स्थित संत कीनाराम पीजी काॅलेज के मैदान में सीएम का आगमन होना है।
इसके मद्देनजर एक तरफ हेलीपैड का काम जोरों पर है तो दूसरी ओर कॉलेज तक जाने वाली सड़क के गड्ढे भरने में भी जिम्मेदार युद्धस्तर पर लगे हुए हैं। सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर कार्यक्रम स्थल व आसपास साफ-सफाई कराई जा रही है।
कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक मुख्यमंत्री एक सितंबर को यहां संत कीनाराम की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय से अभी इसकी अधिकृत सूचना अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है।
मंगलवार को डीएम, एसपी सहित अन्य अफसरों ने कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे। इसके बाद बुधवार सुबह से ही इस पर काम भी शुरू हो गया।
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर उरमौरा से लोढ़ी तक जाने वाली सड़क के गड्ढे भरे जा रहे हैं। सड़क के दोनों तरफ झाड़ियों और नालियों की सफाई के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से सफाई कर्मचारियों की टीम लगाई गई।
कॉलेज परिसर के समीप हेलीपैड का निर्माण पीडब्ल्यूडी की देखरेख में चल रहा है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल बनाने का कार्य भी बुधवार से शुरू हो गया।